मंगलवार, 29 मार्च 2016

रख लेव या लछमिनियां!



रख लेव या लछमिनियां!
कानपुर में एक थे सांवलदास बाबा। दलितों की कुरील जाति से थे और पेशे से जमींदार थे। कानपुर शहर के दक्षिणी हिस्से यानी जूही से लेकर पांडु नदी के किनारे तक का विशाल इलाका उनकी जमींदारी में था। नदी के किनारे बसे अहीर और लोध उनके हलवाहे थे। एक ठाकुर साहब उनके मैनेजर। एक जमाने में जब कानपुर में अंग्रेजों ने रेलवे का जूही यार्ड बनवाया तथा कानपुर-बांदा रेल लाइन बिछवाई तब जो जमीन अधिग्रहीत की गई वह सारी की सारी सांवलदास भगत की थी। कुछ थोड़ी सी जमीन रानी कुंवर की थी। रानी कुंवर को तो सभी जानते हैं पर दलित नरेश सांवलदास को भूल गए। रानी कुंवर का एक मंदिर पुरानी जुही में है। हालांकि हमीरपुर रोड पर लोअर गंगा कैनाल के किनारे सांवलदास जी की समाधि बनी है जिसे सांवलदास की छतरी बोलते हैं पर उसकी देखरेख नहीं हो पाने के कारण आज वह छतरी उजाड़ हो गई है। बचपन में मैं उसे देखता था तब शुद्घ संगमरमर की बनी वह छतरी ताजमहल से कम आकर्षक नहीं थी। आचार्य महाबीर प्रसाद द्विवेदी जब रेलवे में मुलाजिम थे तब वे सांवलदास की जमींदारी के एक गांव जुही में ही रहे थे। उन्होंने सांवलदास बाबा पर एक लेख सरस्वती में छापा था।
सांवलदास बाबा मस्त आदमी थे। रईसी आन-बान-शान उनकी पोशाक से टपकती। जब वह पूरी धज के साथ निकलते तो जो भी आदमी सामने पड़ता उन्हें सलाम ठोकता। चाहे हिंदू हो अथवा मुसलमान, शेख हो या पठान अथवा राजपूत, लोधे या अहीरों के गोल सब सांवलदास को सलाम जरूर करते। सांवलदास बाबा हर सलाम करने वाले के सामने क्वीन विक्टोरिया के छापे वाला विशुद्घ चांदी का एक सिक्का फेकते और कहते रख लो लछमिनियां को। लोग पूछते यह क्यों बाबा? वे बताते- मैं तो हूं दलित तुम मुझे तो सलाम करने से रहे। तुम तो मेरी संपत्ति और राजसी ठाठबाट यानी मेरी लक्ष्मी को सलाम कर रहे हो सो लो रख लो यह लछमिनियां। मशहूर दलित चिंतक बद्री नारायण ने अपने एक शोध लेख में लिखा है कि सांवलदास का बनवाया मंदिर बहुत मशहूर है और ज्योरा में बनवाया उनका गंगा घाट भी।
सांवलदास बाबा के मैनेजर बाबू ने जागीर का कामकाज देखते-देखते उनकी सारी संपत्ति अपने नाम करवा ली। पर बाबा कभी उदास नहीं हुए। वे कहा करते थे कि लछमिनियां भला किसकी हो कर रही। उनका एक प्रिय दोहा था-
“
कमला थिर न रहीम कहि, यह जानत सब कोय।

पुरुष पुरातन की वधू क्यों न चंचला होय॥

गुरुवार, 24 मार्च 2016

उईं अउर आँय हम अउर आँय!



उईं अउर आँय हम अउर आँय!
शंभूनाथ शुक्ल
राजनीतिक दलों के नेता गण समझाया करते हैं हम गरीबों के साथ हैं। यह सरासर गलत बात है। चाहे वह बीजेपी हो या कम्युनिस्ट अथवा कांग्रेसी सब के सब पूंजीपतियों के हाथों दलालों की तरह खेलते हैं। सारा मीडिया और हर स्तंभ भी यही आचरण करता है। अगर पैसा न हो तो कोई भी संस्था या पोलेटिकल पार्टी आपका साथ देने से रही। भले वह सपा हो या बसपा अथवा जदयू। इसीलिए गरीब और गरीबी को पीछे कर अब हर राजनीतिक दल कभी मंडल के नाम पर कभी कमंडल के नाम पर अपने-अपने हितों की पूर्ति कर रहा है। जिस पश्चिम बंगाल में कम्युनिस्ट 34 साल सत्ता में रहे वहां पर दलित आज भी सबसे उपेक्षित हैं। जहां पिछड़ों का राज रहा उस तमिलनाडु, कर्नाटक व केरल तथा आंध्र में दलित जिंदा जला दिए जाते हैं। और बिहार व यूपी में जहां सपा, बसपा व जदयू रही वहां दलित व गरीब आज भी बस वोट भर है। सारे के सारे नेता अरबों में खेल रहे हैं और जिस कीमत पर खेल रहे है उस दलित, पिछड़े, वंचित व गरीब वर्ग को कुछ नहीं मिला। नरेंद्र शर्मा की एक कविता है-
इस दुनिया में दो दुनिया हैं जिनके नाम गरीब-अमीर।
पर सोने के महल बने हैं, मिट्टी का ही सीना चीर॥
दीन भी उनका, दुनिया उनकी, उनके तोप और तलवार।
उनके अफसर और गवर्नर, उनके ही साहब सरकार॥
मंदिर उनके, मस्जिद उनके, गिरजे उनकी बाजू में।
पैगम्बर, अवतार, मसीहा जैसे बाट तराजू में॥
अब देखिए नरेंद्र शर्मा से बहुत पहले पैदा हुए और कम्युनिस्ट पार्टी के जन्म के भी काफी पहले अवधी के कवि बलभद्र प्रसाद दीक्षित पढ़ीस ने भी यही बात कही थी कि उई अउर आँय हम अउर आँय, यानी वे और हैं तथा हम और हैं। सीधे-सीधे कहें तो कहां राजा भोज कहां गंगू तेली।
उयि अउर आयिं हम अउर आन!
सोचति समुझति इतने दिन बीते
तहूँ न कहूँ खुलीं आँखी?
काकनि यह बात गाँठि बाँधउ-
उयि अउर आयिं हम अउर आन!
उयि लाट कमहटर के बच्चा,
की संखपतिन के पर-पोता,
उयि धरमधुरंधर के नाती,
दुनिया का बेदु लबेदु पढ़े,
उयि दया करैं तब दानु देयिं,
उयि भीख निकारैं हुकुम करैं,
सब चोर-चोर मौस्यइिति भाई,
तोंदन मा गड़वा हाथी अस-
उयि अउर आयिं हम अउर आन!
उयि बड़े-बड़े महलन ते हँसि-हँसि
लाखन के व्यउहार करैं;
घंटिन ते चपरासी ग्वहरावैं
फाटक पर घंटा बाँधे हैं।
गुरयि उठैं आँखी काढ़े
पदढिट्ठी कै भन्नायि जायँ।
उयि महराजा, महंत दुनिया के
अक्किल वाले ग्यानवान।
अक्किल ते अक्किल काटि देंयि-
उयि अउर आयिं हम अउर आन!
काकनि, तुमार लरिका बिटिया,
छूढ़ा पानी पी हरू जोतैं,
उनके तन ढकर - ढकर चितवैं
बसि कटे पेट पर मुँहुँ बाँधे।
खाली हाथन भुकुरयि लागैं।
उयि राजि रहे उयि गाजि रहे-
उयि अउर आयिं हम अउर आन!
हम लूकन भउकन पाला पथरन
बीनि - बीनि दाना जोरी,
की बड़े-बड़े पुतरी-घर भीतर
मूड़ हँथेरी धरे फिरी ?
चूरै हालीं नस - नस डोली
यी राति दउस की धउँपनि मा,
तब यहै भगति और भलमंसी
हम हरहा गोरू तरे पिसे।
पंचाइति मा तुम पूँछि लेउ-
उयि अउर आयिं हम अउर आन!
और विस्तार पर जाना हो तो मेरा ब्लाग पढ़ें-

गुरुवार, 10 मार्च 2016

सोमनाथ का श्राप उनके अंतर से फूटा

सोमनाथ का श्राप उनके अंतर से फूटा
शंभूनाथ शुक्ल
मां निषाद प्रतिष्ठां त्वंगमा शास्वतीसमा
यत्क्रौंचमिथुनादेकंवधी काममोहितम्
महर्षि वाल्मीकि ने बहेलिए को शाप देते हुए कहा था कि हे बहेलिए! तुम युगों युगों तक प्रतिष्ठा को नहीं पा पाओगे क्योंकि तुमने कामातुर क्रौंच जोड़े को उस वक्त मारा जब वे मैथुनरत थे। महर्षि वाल्मीकि अपनी गहन तपश्चर्या से जीवन के राग विराग से दूर हो गए थे लेकिन बहेलिएका यह अत्याचार देखकर उनकेअंदर की स्वाभाविक पीड़ा फूट पड़ी और उन्होंने बधिक को शाप दे दिया। मनुष्य की भावनाएं पीड़ा से ही फूटती हैं। भले वे शाप के रूप में हों अथवा वरदान के रूप में। कविता का तो सृजन ही पीड़ा से होता है। 
तभी तो अपने दादा सोमनाथ चटर्जी ने चौदहवीं लोकसभा के अंतिम सत्र में सदस्यों को शाप दे डाला कि तुम सब हार जाओगे। दादा के इस क्रोध से सदन में सन्नाटा फैल गया। शून्य प्रहर में अपनी-अपनी बात कहने को आतुर संासदों ने इस कदर हंगामा बरपा कर दिया था कि दादा आपा खो बैठे और सांसदों को हारने का शाप दे डाला। दादा का यह शाप उनकेमुंह से एक रिदम के रूप में फूटा- यू आल आर डिफीटेड यानी हार जाओ तुम सब!
दादा सोमनाथ चटर्जी तो कम्युनिस्ट हैं। यकीनन वे यह बात तो मानेंगे नहीं लेकिन हमारे देश की लोक परंपरा कहती है कि ब्राह्मïण का श्राप निष्फल नहीं जाता है। संयोग यह भी है कि दादा ब्राह्मïण भी हैं। लोकसभा के अध्यक्ष होने के नाते वे पूरी लोकसभा के सभी सदस्यों के पुरोधा हैं। इसलिए उनका दरजा एक स्कूल के प्राचार्य जैसा ही है। प्राचार्य अपने विद्यार्थियों से चाहे जितना आजिज हो आम तौर पर उनकी चलाचली की बेला में ऐसा श्राप तो नहीं देता। जाहिर है दादा ने यह श्राप तभी दिया होगा जब वे सांसदों के आचरण से इतना दुखी हुए होंगे कि श्राप उनके मुंह से यकायक फूट पड़ा। दादा के शाप के बाद से लोकसभा के सदस्य ऐसे घबड़ाए कि बसपा के सांसद राजेश वर्मा ने भयाक्रांत होते हुए कहा कि दादा का गुस्सा जायज है। आखिर कब तक वे सांसदों का तमाशा देखते रहते। 
यूं सोमनाथ दादा आजकल अपनी पार्टी की वजह से भी दुखी हैं। उनकी पार्टी ने उन्हें निष्कासित कर रखा है। दादा पुराने खांटी साम्यवादी हैं। इस तथ्य के बावजूद कि उनके पिता पश्चिम बंगाल से हिंदू महासभा से सांसद रहे हैं और दादा के सबसे अच्छे मित्र अटलबिहारी बाजपेयी हैं। लेकिन दादा के कम्युनिस्ट होने पर किसी को शुबहा नहीं होगा। इसके बावजूद माक्र्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी केनए निजाम ने उन्हें पार्टी से बाहर कर दिया। सोमनाथ दादा कामरेड ज्योति वसु खेमे के हैं और माकपा के नए महासचिव प्रकाश करात माकपा में पुरानी पीढ़ी के लोगोंं को पसंद नहींं करते हैं। प्रकाश अभी तक यह भी फैसला नहीं कर पा रहे हैं कि वे केरल में विजयन और अच्युतानंदन की रार को कैसे सुलझाएं। वे अब्दुल्ला कुट्टी की धार्मिक कट्टरता के बारे में भी कोई निर्णय नहीं ले पाए। पोलित ब्यूरो के युवातुर्कों को पुरानी पीढ़ी के माकपाई फूटी आंख भी नहींं सुहाते। लेकिन नई पीढ़ी के माकपाई अमेरिका को गरियाते तो खूब हैं लेकिन जीवन शैली के मामले में वे अमेरिका के कायल हैं।
गुस्से और दुख में श्राप दे देने की परंपरा हमारे मिथ में अनगिनत हैं। दुर्वासा ऋषि के श्राप तो प्रसिद्घ हैं ही। सभी उनके श्राप से घबड़ाते थे। पांडवों को उनके श्राप से बचाने के लिए द्रोपदी ने कृष्ण की मदद ली थी लेकिन कृष्ण अपने ही वंश को उनकेश्राप से नहीं बचा पाए और द्वारिका का सारा यदुवंश दुर्वासा के श्राप से नष्ट हो गया था। शाप महिलाएं भी देती थीं। शची के श्राप से अर्जुन को वृहन्नला बनना पड़ा था और देवयानी के श्राप से वृहस्पति पुत्र कच को अमरत्व की विद्या विस्मृत हो गई थी। देवयानी के श्राप से ही ययाति अपना पुंसत्व खो बैठे थे। दादा सोमनाथ चटर्जी का श्राप कितना असर दिखाएगा यह तो भविष्य में पता चलेगा। लेकिन अगर दादा का श्राप सच हो गया तो हमारी पंद्रहवीं लोकसभा में वे लोग जीत कर आएंगे जो परदे पर गांधीगिरी करते हैं। या सट्टेबाजों से पैसा लेकर क्रिकेट खेलते हैं। ये जितने लोग शून्य प्रहर में हंगामा कर रहे थे इनमें से कोई भी ऐसा नहीं था जो संसद के सत्र के दौरान अनुपस्थित रहा हो या जिसे अपने क्षेत्र से कोई लगाव न हो। परेशानी तो इस बात की है कि संसद के सत्र चलते नहीं और अगर चलते भी हैं तो उनमें पिछड़े इलाकों की आवाज तक नहीं उठ पाती। सत्ता पक्ष और विपक्ष के वे सांसद जो कभी कभार ही सदन में आते हैं। उनके हारने की कामना करना तो समझ में आता है लेकिन ध्यान रखने की बात यह है कि १९ फरवरी को जो सांसद हंगामा कर रहे थे वे अपने इलाकों की वाजिब समस्याओं की तरफ सदन का ध्यान खींचना चाहते थे। 
हमारे सदन में गोविंदा, धर्मेंद्र और नवजोत सिंह सिद्घू जैसे सांसद भी हैं जिनका रिकार्ड मंगाया जाए कि वे कितने दिन सदन में आए। तब पता चलेगा कि संसद के सत्रों की अनदेखी कौन कर रहा है? लॉफ्टर चैलेंज जैसे टीवी शो में फूहड़ चुटकुलों पर ठहाका मारने वाले सिद्घू ने कब किस वाजिब समस्या की तरफ संसद का ध्यानाकर्षण किया। तब क्या हम ऐसे शांतिप्रिय सांसदों से सदन की गरिमा को बहाल कराएंगे जिन्हें पार्टियां हंसी ठठ्ठे के लिए लोकसभा चुनाव लड़ाने को आतुर हैं। शोर शराबा करने वाले सांसद भले ही सदन के कामकाज में खलल डाल रहे हों लेकिन वे अपने क्षेत्रों की समस्याओं को संसद का ध्यान खींचने की मंशा तो रखते हैं।

बुधवार, 24 फ़रवरी 2016

पानी का पानी तो रख लेते!



पानी का पानी तो रख लेते!
शंभूनाथ शुक्ल
यह 1972 की बात है। हमारे चाचा इटावा जिले के गांव मेंहदी पुर में ग्रामसेवक के पद पर नियुक्त थे। उसी साल गर्मियों की छुटिटयों में जब मैं गांव गया हुआ था मेरी दादी ने कुछ काम से मुझे उनके पास भेजा। लंबा सफर था और बस पकडऩे के लिए ही चार कोस यानी आठ मील अर्थात करीब 13 किमी दूर मूसानगर जाना था जो यमुना किनारे मुगल रोड पर बसा एक कस्बा है। उमर भी तब कोई खास नहीं थी इसलिए दादी को डर भी था कि लड़का उतनी दूर पहुंच जाएगा। खैर मैं सुबह चार बजे घर से निकला। साढ़े छह बजे मूसानगर पहुंच गया और सात बजे वाली बस मिल गई जो इटावा जा रही थी। भोगनीपुर, सिकंदरा, औरय्या, अजीतमल होती हुई बस जब महेवा पहुंची तब तक डेढ़ बजे चुके थे। भूख और प्यास दोनों तेज लगी थी और जेब में पैसे किराया निकाल देने के बाद बस दो या तीन रुपये बचे थे। तब होटल तो होते नहीं थे और पानी की बोतलें नहीं मिला करती थीं। कुएं पर पानी भरती कोई घटवारिन पानी पिला दे तो ठीक पर ऐन जेठ की दुपहरिया को कौन पानी भरने आता। सो अजीब-से पशोपेश में मैं रहा। किसी के घर का दरवाजा खटखटाने में झिझक हो रही थी। एक जगह एक नीम के पेड़ के नीचे एक बूढ़ा आदमी बैठा था। सफेद दाढ़ी-मूंछ बेतरतीब रूप से बिखरे, लंगोट नुमा एक कपड़ा शरीर पर और एकदम काला। मैने उसके पास जाकर कहा- बाबा प्यास लगी है। पानी मिलिहै? वह जो मेरे करीब आते ही उठ खड़ हुआ था बोला- साहब हम तो चमार हैं आप यादव जी के घर चले जाओ। उसने रास्ता भी बता दिया। मैने कहा बाबा प्यास बड़ी जोर से लगी है मुझे पिलाय देव। वह बोला- साहब कोहू ने देख लओ तौ तुम्हाओ तो कछू न हुइहै पै हमाई चमड़ी उधेर दीन जइए। उसकी जिद के चलते मुझे प्यासा ही आगे बढऩा पड़ा।
किसी तरह थूक चाटते हुए मैं आधा मील बढ़ा होऊँगा तो पाया कि खेतों की सीमा खत्म होने लगी और अब बीहड़ व ऊबड़-खाबड़ रास्ता मिलने लगा। माथे पर हथेली टिकाकर मैने दूर तक देखने की कोशिश की तो गांव तो क्षितिज तक बस बीहड़। या ऊँचे-ऊँचे कगार। यह जमना के किनारे का इलाका था जो मीलों तक फैला था। मैं यूं ही टहलते हुए जमना तक जा सकता था पर जमना कितनी दूर है पता नहीं और अगर भटक गया तो कहां जाकर लगूंगा कुछ पता नहीं। न खाने को कुछ न पीने को ऊपर से डकैतों का डर अलग। पर अब जाता तो कहां और मेंहदीपुर गांव का पता पूछता तो किससे। अजीब मुसीबत थी। हिम्मत जवाब देने लगी और लगा कि यहां अगर भूख प्यास से तड़प कर मर भी गया तो महीनों तक पता तक नहीं चलेगा कि कोई मर भी गया। सांसें जवाब देने लगी थीं। कब तक जीभ को थूक से लथेड़ता। गर्म लू भी चल रही थी। और छाया के नाम पर न तो आम या इमली, नीम या पीपल के पेड़ न कोई और पौधा जो करील थे भी वे बस टांगों तक आते। अगर कगार के नीचे जाऊँ तो क्या पता कि कहां कौन सा जानवर बैठा होगा। और करील की पत्तियां चबाई नहीं जा सकती थीं। एक बड़ा-सा बबूल का पेड़ दिखा। मैं उसी के नीचे बैठ गया। आसपास कांटे बिखरे पड़े थे उन्हें किसी तरह हटाया और आराम से पसर गया। आध घंटे बाद फिर आगे बढऩे की सोची। अचानक एक कगार से उतरते ही मुझे कुछ लोगों के बतियाने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनते ही मुझे लगा कि जैसे मेरे प्राण लौट आए हैं। भागते हुए वहां पहुंचा जहां आवाजें आ रही थीं। वह एक पौशाला थी। एक झोपड़ी बनी थी और दो बड़े-से मटके जमीन में गड़ेथे जिनमें पानी भरा था। वहां एक और आदमी था और वे दोनों बतिया रहे थे। मैने जाते ही कहा- बाबा पानी पिलाओ। बूढ़े ने एक लोटा भरकर मुझे दिया और मैंने पीने के वास्ते चिल्लू बनाया। वह बोला- रुको लल्ला गुर तो खाय लेव। यानी पानी के पहले उसने मुझे एक भेली गुड़ दिया और उसके बाद मैने पूरा लोटा पानी पिया। लगा जैसे जान मिली। तब दोनों की ओर मैने देखा। पानी पिलाने वाला एक बुजुर्ग था और वह एक अधेड़ आदमी से बतिया रहा था। मैने उससे पूछा कि बाबा मेंहदीपुरा कहां है। उसने कहा कि बस आध कोस है और वो देखो मेंहदीपुरा के खेत दिखाई देत हैं। फिर उसने पूछा कि किसके यहां जाना है? मैने चाचा का नाम लिया तो बोला कि ग्रामसेवक बाबू सुबह तो आए थे। चले जाओ। मैं आधा घंटे बाद मेंहदीपुरा पहुंच गया। चाचा-चाची और भाई-बहनों से मिला। चाचा को प्याऊ के बारे में बताया तो उन्होंने सूचना दी कि यह पौशाला एक नामी डकैत ने खुलवाई हुई थी और गुड़ का इंतजाम वही करता था और उस पौशाले वाले बुजुर्ग को 50 रुपये महीना भी देता था। यह सही है कि यह पौशाला डकैतों के भी काम की थी मगर मेरे जैसे भटके राहगीरों के लिए तो यह ईश्वरीय वरदान थी। अगर वह पौशाला न मिलती और ठंडा पानी न मिलता तो शायद यह लिखने के लिए मैं जिंदा नहीं रह पाता। 
पहले दिल्ली शहर में भी सेठ लोग पौशाला खुलवाते थे। पेठा भी मिला करता था लेकिन अब बोतल खरीदो। पहले हर जिले में डीएम भी पौशाले खुलवाया करता था साथ सत्तू-पानी भी पर अब रेलवे ने एक रुपया गिलास पानी देना शुरू कर दिया है।

शनिवार, 28 नवंबर 2015

अज्ञान-धर्म-करुणा-गरीबी ऐसे ही हैं जैसे चोली-दामन!

अज्ञान-धर्म-करुणा-गरीबी ऐसे ही हैं जैसे चोली-दामन!
भारत सोका गोक्काई का एक कार्यक्रम लोदी रोड स्थित चिन्मय मिशन में था। इस संगठन के दो कार्यकर्ता श्री वीके कालड़ा और श्री खरे मेरे मित्र हैं। वे अक्सर मेरे आवास पर आकर चाँट करते हैं और बुद्घ की प्रतिमा के समक्ष ध्यान भी। इस कार्यक्रम में उन्होंने मुझे भी न्योता। पहले सोचा कि गाड़ी ले जाऊँ पर कल रात यूपी गेट से वसुंधरा तक के रास्ते में जिस तरह का जाम लगा हुआ था उसे अखबार में पढ़कर होश उड़ गए और मैने तय किया कि जाम में फँसने से बेहतर रहे कि मैं मेट्रो से चला जाऊँ और लौटने में वैशाली मेट्रो स्टेशन से चार किमी पैदल चलकर घर आ जाऊँ। क्योंकि जाते समय हमारे आटो वाले ड्राइवर विनोद सिंह ने बताया था कि कल इतना जाम था कि वैशाली मेट्रो से वसुंधरा तक आने में पूरे दो घंटे लग गए थे। यूं भी दिल्ली में कार ले जाने में एक सिरदर्द पार्किंग की है। आप ठीक तरह से पार्क कर गए और पता लगा कोई धनकुबेर आपकी गाड़ी के पीछे अपनी गाड़ी यूं लगा गया कि अब जब तक वह नहीं निकल जाए आप गाड़ी निकाल नहीं सकते इसलिए भी पैदल, मेट्रो व बस सेवा ज्यादा मुफीद प्रतीत होती है। वैशाली मेट्रो में आमतौर पर सीट मिल ही जाती है बशर्ते कि वरिष्ठ नागरिक वाली सीट पर कोई युवती या युवा छात्रा अपने पति या प्रेमी समेत नहीं बैठी हो। आमतौर पर आजकल मेट्रो की इन सीटों पर युवतियां कब्जा कर लेती हैं और अपने पुरुष साथियों को भी बिठा लेती है फिर वे दोनों बेशर्मी के साथ बैठे रहते हैं। इसके अलावा एक प्राणी और हैं जो इन सीटों पर काबिज रहते हैं वे हैं अधेड़ पुरुष जो देखने में तो ठीकठाक और चालीस के ऊपर दीखते हैं तथा वे आम स्थितियों में अपनी उम्र पैंतीस ही बताते हैं लेकिन मेट्रो में सीनियर सिटिजन्स के लिए आरक्षित सीट पर बैठने के लिए वे अपने साठ साला होने का सर्टीफिकेट अपने माथे पर लिखा लेते हैं। खैर मुझे सीट मिल गई और आश्चर्यजनक रूप से मंडी हाउस में चेंज करने के बाद बदरपुर जाने वाली मेट्रो में भी सीट मिल गई। अब मुझे उतरना था खान मार्केट पर जो एनाउंसमेंट हो रहा था वह सुनाई नहीं पड़ रहा था और जो डिजिटल मूकवाणी स्क्रीन पर उभर रही थी वह एक स्टेशन पीछे की सूचना देती थी। उसने खान मार्केट को केंद्रीय सचिवालय बताया और नेहरू स्टेडियम को खान मार्केट। जाहिर है मैं बजाय खान मार्केट उतरने के नेहरू स्टेडियम उतरा।
अब चिन्मय मिशन की लोकेशन के बारे में कन्फ्यूजन हो गया। चूंकि यह चिन्मय मिशन जाने का मेरा पहला ही चांस था इसलिए मैने सोचा कि चिन्मय मिशन वहीं होगा जहां एक आंध्राइट मंदिर है, साईं मंदिर है और जहां रामायण केंद्र है यानी कि भीष्म पितामह मार्ग। सो मैने पहले तो पत्रकारिता के शिरोमणि प्रात: स्मरणीय दयाल सिंह मजीठिया के नाम पर बने दयाल सिंह कालेज का राउंड लिया और पहुंचा साईं मंदिर के पास। वहां आंध्र मंदिर और साईं मंदिर के बीच में एक भगत अपनी होंडा सिटी गाड़ी लगाए पूरी-सब्जी और ब्रेड पकौड़ा बाट रहा था। अपने को हिंदू कहने वालों में करुणा का अथाह सागर लहराता ही रहता है। जहां कोई गरीब, वंचित या निर्धन अथवा लाचार विकलांग या उपेक्षित बीमार देखा नहीं कि ये श्रद्घालु हिंदू पहले तो खखार कर थूकेंगे फिर जेब से एक रुपया निकाल कर उसकी तरफ फेक देंगे या बचा हुआ अन्न अथवा उतरन उसको दे देंगे। सो वहां भी भीड़ जुटी थी और वे गरीब भी कोई कम नहीं होते वे भी करुणा के सागर में डूबते-उतराते रहते हैं तथा अपने दान में पाए भोजन में से वे कुछ अन्न बचा लेते हैं जो वे गाय माता अथवा कुत्तों या रिक्शे-ठेले वालों को दे देते हैं। कुछ तो इतने ढीठ होते हैं कि उन होंडा सिटी कार वाले के लड़के को ही पकड़ा दिया। मुझे प्रतीत हुआ कि हिंदू समाज में गरीबी बहुत अपरिहार्य है। जिस दिन गरीब गरीब न रहे हिंदू समाज रुई के फाहे की तरह उड़ जाएगा। 
पूरे भीष्म पितामह मार्ग पर मुझे चिन्मय मिशन दिखा नहीं। एक ट्रैफिक कान्सटेबल से पूछा तो पहले तो वह मुझे देखता रहा फिर बोला- किसी के चौथे में जाना है? मैने कहा नहीं दरोगा जी एक फंक्शन है तो वह कुछ मंद पड़ा और पूछा- कार है? मैने कहा- नहीं पैदल हूं। तो उसने फटाक से जवाब दिया- फिर क्या है सीधे जाओ, बत्ती से उलटे हो जाना और अगली बत्ती से रांग साइड। बस आ गया चिन्मय मिशन। मैने उसके द्वारा बताए गए पंथ को पकड़ा और इंडिया हैबिटेट सेंटर पहुंच कर फिर कन्फ्यूजन हो गया तो मैने कालड़ा साहब को फोन किया तो वे बोले यहीं पास में है इस्लामिक कल्चरल सेंटर के बगल में। मैने कहा- पहले बता दिया होता तो कब का पहुंच जाता। खैर मैं एक जापानी द्वारा शुरू की गई इस बौद्घ मिशन में पहुंचा। वहां गत दिनों भोपाल जागरण लेकसिटी यूनीवर्सिटी की पहल पर हुए एक कार्यक्रम की फुटेज दिखाई जा रही थी जिसमें सोका गोक्काई इंटरनेशनल के अध्यक्ष डॉ दायसाकू इकेदा ने ही अपनी मातृभाषा जापानी में अपना भाषण दिया पर जागरण लेकसिटी यूनीवर्सिटी के कुलपति अनूप स्वरूप और कुलसचिव आर नेसामूर्ति अपनी नफीस अंग्रेजी में ही बोले और यह भी बताना नहीं भूले कि दैनिक जागरण भारत में सबसे ज्यादा बिकने वाले हिंदी दैनिक है। एक ऐसे संस्थान में जुडऩे का क्या लाभ जो आप अपनी मातृभाषा बोलने में शर्म महसूस करते हैं। भारत सोका गोक्काई संगठन के अध्यक्ष अपनी हिंदीनुमा अंग्रेजी में बोले। मेरा इस पर कहना था कि यह संगठन आम लोगों में कैसे लोकप्रिय हो सकता है जब तक कि इसका प्रचार-प्रसार हिंदी या अन्य भारतीय भाषाओं में नहीं होगा। यह तो वही करुणा का अथाह सागर में लोट रहे लोगों का मानसिक विलास ही हो गया। 
लौटते वक्त कालड़ा साहब ने एक सिख नौजवान अमर जीत की कार में वापसी की व्यवस्था कर दी थी। वह सिख नौजवान तो मुझसे भी दो कदम आगे का क्रांतिकारी था। उसका कहना था कि सर मैं आज पहली मर्तबे सोका गोक्काई के कार्यक्रम में गया पर मुझे ऐसा लगा कि मानों वहां खाये-पिये-अघाये लोगों का कोई गेट टुगेदर हो। खूब सजी-धजी औरतें और उससे भी ज्यादा सजे-धजे पुरुषों को देखकर लगा ही नहीं कि हम किसी धार्मिक प्रोग्राम में आए हैं। मैने कहा- बच्चा जब तक अज्ञान रहेगा तब तक धर्म रहेगा और जब तक धर्म रहेगा तब तक करुणा और जब तक करुणा तब तक गरीबी!

रविवार, 11 अक्टूबर 2015

वे मुसलमान थे

कहते हैं वे विपत्ति की तरह आए
कहते हैं वे प्रदूषण की तरह फैले
वे व्याधि थे
ब्राह्मण कहते थे वे मलेच्छ थे
वे मुसलमान थे
उन्होंने अपने घोड़े सिन्धु में उतारे
और पुकारते रहे हिन्दू! हिन्दू!! हिन्दू!!!
बड़ी जाति को उन्होंने बड़ा नाम दिया
नदी का नाम दिया
वे हर गहरी और अविरल नदी को
पार करना चाहते थे
वे मुसलमान थे लेकिन वे भी
यदि कबीर की समझदारी का सहारा लिया जाए तो
हिन्दुओं की तरह पैदा होते थे
उनके पास बड़ी-बड़ी कहानियाँ थीं
चलने की
ठहरने की
पिटने की
और मृत्यु की
प्रतिपक्षी के ख़ून में घुटनों तक
और अपने ख़ून में कन्धों तक
वे डूबे होते थे
उनकी मुट्ठियों में घोड़ों की लगामें
और म्यानों में सभ्यता के
नक्शे होते थे
न! मृत्यु के लिए नहीं
वे मृत्यु के लिए युद्ध नहीं लड़ते थे
वे मुसलमान थे
वे फ़ारस से आए
तूरान से आए
समरकन्द, फ़रग़ना, सीस्तान से आए
तुर्किस्तान से आए
वे बहुत दूर से आए
फिर भी वे पृथ्वी के ही कुछ हिस्सों से आए
वे आए क्योंकि वे आ सकते थे
वे मुसलमान थे
वे मुसलमान थे कि या ख़ुदा उनकी शक्लें
आदमियों से मिलती थीं हूबहू
हूबहू
वे महत्त्वपूर्ण अप्रवासी थे
क्योंकि उनके पास दुख की स्मृतियाँ थीं
वे घोड़ों के साथ सोते थे
और चट्टानों पर वीर्य बिख़ेर देते थे
निर्माण के लिए वे बेचैन थे
वे मुसलमान थे
यदि सच को सच की तरह कहा जा सकता है
तो सच को सच की तरह सुना जाना चाहिए
कि वे प्रायः इस तरह होते थे
कि प्रायः पता ही नहीं लगता था
कि वे मुसलमान थे या नहीं थे
वे मुसलमान थे
वे न होते तो लखनऊ न होता
आधा इलाहाबाद न होता
मेहराबें न होतीं, गुम्बद न होता
आदाब न होता
मीर मक़दूम मोमिन न होते
शबाना न होती
वे न होते तो उपमहाद्वीप के संगीत को सुननेवाला ख़ुसरो न होता
वे न होते तो पूरे देश के गुस्से से बेचैन होनेवाला कबीर न होता
वे न होते तो भारतीय उपमहाद्वीप के दुख को कहनेवाला ग़ालिब न होता
मुसलमान न होते तो अट्ठारह सौ सत्तावन न होता
वे थे तो चचा हसन थे
वे थे तो पतंगों से रंगीन होते आसमान थे
वे मुसलमान थे
वे मुसलमान थे और हिन्दुस्तान में थे
और उनके रिश्तेदार पाकिस्तान में थे
वे सोचते थे कि काश वे एक बार पाकिस्तान जा सकते
वे सोचते थे और सोचकर डरते थे
इमरान ख़ान को देखकर वे ख़ुश होते थे
वे ख़ुश होते थे और ख़ुश होकर डरते थे
वे जितना पी०ए०सी० के सिपाही से डरते थे
उतना ही राम से
वे मुरादाबाद से डरते थे
वे मेरठ से डरते थे
वे भागलपुर से डरते थे
वे अकड़ते थे लेकिन डरते थे
वे पवित्र रंगों से डरते थे
वे अपने मुसलमान होने से डरते थे
वे फ़िलीस्तीनी नहीं थे लेकिन अपने घर को लेकर घर में
देश को लेकर देश में
ख़ुद को लेकर आश्वस्त नहीं थे
वे उखड़ा-उखड़ा राग-द्वेष थे
वे मुसलमान थे
वे कपड़े बुनते थे
वे कपड़े सिलते थे
वे ताले बनाते थे
वे बक्से बनाते थे
उनके श्रम की आवाज़ें
पूरे शहर में गूँजती रहती थीं
वे शहर के बाहर रहते थे
वे मुसलमान थे लेकिन दमिश्क उनका शहर नहीं था
वे मुसलमान थे अरब का पैट्रोल उनका नहीं था
वे दज़ला का नहीं यमुना का पानी पीते थे
वे मुसलमान थे
वे मुसलमान थे इसलिए बचके निकलते थे
वे मुसलमान थे इसलिए कुछ कहते थे तो हिचकते थे
देश के ज़्यादातर अख़बार यह कहते थे
कि मुसलमान के कारण ही कर्फ़्यू लगते हैं
कर्फ़्यू लगते थे और एक के बाद दूसरे हादसे की
ख़बरें आती थीं
उनकी औरतें
बिना दहाड़ मारे पछाड़ें खाती थीं
बच्चे दीवारों से चिपके रहते थे
वे मुसलमान थे
वे मुसलमान थे इसलिए
जंग लगे तालों की तरह वे खुलते नहीं थे
वे अगर पाँच बार नमाज़ पढ़ते थे
तो उससे कई गुना ज़्यादा बार
सिर पटकते थे
वे मुसलमान थे
वे पूछना चाहते थे कि इस लालकिले का हम क्या करें
वे पूछना चाहते थे कि इस हुमायूं के मक़बरे का हम क्या करें
हम क्या करें इस मस्जिद का जिसका नाम
कुव्वत-उल-इस्लाम है
इस्लाम की ताक़त है
अदरक की तरह वे बहुत कड़वे थे
वे मुसलमान थे
वे सोचते थे कि कहीं और चले जाएँ
लेकिन नहीं जा सकते थे
वे सोचते थे यहीं रह जाएँ
तो नहीं रह सकते थे
वे आधा जिबह बकरे की तरह तकलीफ़ के झटके महसूस करते थे
वे मुसलमान थे इसलिए
तूफ़ान में फँसे जहाज़ के मुसाफ़िरों की तरह
एक दूसरे को भींचे रहते थे
कुछ लोगों ने यह बहस चलाई थी कि
उन्हें फेंका जाए तो
किस समुद्र में फेंका जाए
बहस यह थी
कि उन्हें धकेला जाए
तो किस पहाड़ से धकेला जाए
वे मुसलमान थे लेकिन वे चींटियाँ नहीं थे
वे मुसलमान थे वे चूजे नहीं थे
सावधान!
सिन्धु के दक्षिण में
सैंकड़ों सालों की नागरिकता के बाद
मिट्टी के ढेले नहीं थे वे
वे चट्टान और ऊन की तरह सच थे
वे सिन्धु और हिन्दुकुश की तरह सच थे
सच को जिस तरह भी समझा जा सकता हो
उस तरह वे सच थे
वे सभ्यता का अनिवार्य नियम थे
वे मुसलमान थे अफ़वाह नहीं थे
वे मुसलमान थे
वे मुसलमान थे
वे मुसलमान थे
(देवीप्रसाद मिश्र की एक पढ़ी जाने लायक और गुनी जाने योग्य कविता)